अनूपपुर 14 दिसम्बर 2025
लखनपुर में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के मामले में कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस जघन्य हत्याकांड में शामिल सभी पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर रहमान के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम एवं एसडीओपी अनूपपुर सुमित केरकेट्टा के मार्गदर्शन में की गई
उल्लेखनीय है कि दिनांक 10 दिसंबर 2025 को ग्राम लखनपुर में शिव मंदिर के सामने रहने वाले राजेन्द्र उर्फ बबलू पटेल (40) तथा उनके घर में काम करने वाली युवती सीमा बैगा (25) की खून से लथपथ लाशें मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। वहीं राजेन्द्र पटेल की पत्नी रूपा पटेल पर भी जानलेवा हमला किया गया था, जिनका उपचार रायपुर में जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है
पुलिस विवेचना में सामने आया कि पारिवारिक विवाद और संपत्ति को लेकर उपजे आक्रोश के चलते मृतक के पुत्र आलोक उर्फ सूरज पटेल ने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 9–10 दिसंबर की रात धारदार हथियारों से राजेन्द्र पटेल एवं सीमा बैगा की निर्मम हत्या की गई
कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था रविवार को फरार दो आरोपी देवेंद्र सोनवानी (18) निवासी सामतपुर अनूपपुर एवं एक 16 वर्षीय नाबालिग को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियार एवं मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है


















