LIC के नाम पर 2 लाख की ठगी!
सोन मौहरी के वृद्ध से रकम हड़पने का आरोप, धमकी देकर चुप कराने की कोशिश
अनूपपुर/सोन मौहरी। ग्राम सोन मौहरी जनपद पंचायत जैतहरी में एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहाँ ग्रामीण गेंदलाल यादव ने स्थानीय युवक नरेंद्र सिंह राठौर पिता भैयालाल राठौर पर एलआईसी बीमा के नाम पर 2 लाख रुपए हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है
गेंदलाल यादव के अनुसार, वर्ष 2018 में पत्नी की मृत्यु के बाद उन्हें अंतिम संस्कार सहायता के 2 लाख रुपए मिले थे। तभी सोन मौहरी निवासी नरेंद्र राठौर उनके घर आया और विश्वास जीतते हुए कहा कि वह यह राशि एलआईसी में 5 साल के लिए जमा कर देगा, जिससे आगे चलकर 4 लाख रुपए मिलेंगे और हर महीने 1876 रुपए खाते में आएंगे। भरोसा करते हुए प्रार्थी ने पूरे 2 लाख रुपए नरेंद्र राठौर के खाते में भेज दिए
13 महीने तक 1876 रुपए खाते में आए, लेकिन उसके बाद भुगतान बंद हो गया। पूछताछ पर आरोपी ने पासबुक लेकर जांच कराने का बहाना बनाया और मामला वर्षों तक टालता रहा। पांच साल पूरे होने पर भी जब राशि नहीं मिली, तो आरोपी ने फिर आश्वासन देकर मामले को लटकाया। अब सात साल बाद जब गेंदलाल पुनः पैसे मांगने गए, तो आरोपी ने गंदी गालियाँ देते हुए जान से मारने की धमकी तक दे डाली
गेंदलाल ने आरोप लगाया कि नरेंद्र राठौर गरीबों को एलआईसी का नाम दिखाकर पैसे जमा कराता है, लेकिन रकम किसी और कंपनी में कमीशन के आधार पर डालता है। पहले भी पल्स कंपनी में पैसा हड़पने की शिकायत हो चुकी है। बेरोजगार होने के बावजूद उसके पास घांस-चक्की, आटा चक्की, दो हाईवा ट्रक और मोजर बीयर में चार सितंबर जैसी संपत्ति होने पर भी संदेह जताया गया है
प्रार्थी के अनुसार, सभी दस्तावेज भी आरोपी ने अपने पास रख लिए हैं, जिससे वह अत्यंत परेशान है। धमकियों के कारण पीड़ित भयभीत है और न्याय की गुहार लगा रहा है
गेंदलाल यादव ने प्रशासन से निवेदन किया है कि मामले की जांच कर नरेंद्र सिंह राठौर पर उचित कार्यवाही की जाए और उसकी मेहनत की कमाई वापस दिलाई जाए


















