औचक निरीक्षण में किसानों की पीड़ा उजागर
एमसीबी। भरतपुर–सोनहत विधानसभा क्षेत्र के कछौड़, केल्हारी और डोडकी धान उपार्जन केंद्रों में बढ़ती अव्यवस्था और अनियमितताओं की शिकायतों के बीच पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं जिनमें रकबा सुधार में लापरवाही, वनाधिकार पंजीयन में त्रुटियां और हम्माली के नाम पर अवैध वसूली प्रमुख रहीं।
किसानों ने बताया की रकबा कटने और वनाधिकार पंजीयन में सुधार कार्य लंबित रहने से खरीदी प्रभावित हो रही है वहीं केल्हारी केंद्र में किसानों ने यह बड़ा खुलासा किया कि हम्माली के नाम पर उनसे प्रति क्विंटल 25 रुपये अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं। यह सुनकर पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने गहरी नाराजगी जताई और कहा कि किसानों की मेहनत पर इस तरह की लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जायेगी। निरीक्षण के दौरान ही पूर्व विधायक ने डीएमओ को फोन कर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि रकबा सुधार कार्य को तुरंत पूरा किया जाये, वनाधिकार पंजीयन में हो रही त्रुटियों को दुरुस्त किया जाये और हम्माली के नाम पर चल रही अवैध वसूली को तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाये साथ ही दोषियों पर सख्त कार्यवाही करने को भी कहा।
पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कहा कि किसानों का शोषण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और धान खरीदी केंद्रों में किसी भी प्रकार की अवैध वसूली को वे नहीं चलने देंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की हर समस्या के समाधान के लिए वे हर समय खड़े हैं। किसानों ने उनकी पहल पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी शिकायतों को तुरंत गंभीरता से लेने और अधिकारी स्तर पर तुरंत कार्यवाही के निर्देश देने से उन्हें राहत मिली है। निरीक्षण के दौरान किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष उपेंद्र द्विवेदी, रामनरेश पटेल, मकसूद आलम, संदीप द्विवेदी, इमरान खान, अमोल सिंह, इमामुद्दीन, नज़रियुस एक्का, हेमंत, गुनीलाल सहित अन्य साथी मौजूद रहे।


















