अनूपपुर जबलपुर इंदौर भोपाल मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी बैकुंठपुर रायपुर

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से कृषक श्री धनीराम सिंह आत्मनिर्भरता की ओर हुए अग्रसर 

WhatsApp Group Join Now

 

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से कृषक श्री धनीराम सिंह आत्मनिर्भरता की ओर हुए अग्रसर

 

अनूपपुर 6 अगस्त 2025/ अनूपपुर जिले के ग्राम बरबसपुर निवासी कृषक श्री धनीराम सिंह पिता श्री सूरत दीन सिंह शासन की किसान हितैषी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सफलतापूर्वक अग्रसर हो रहे हैं। कृषक श्री सिंह विगत वर्षों से भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ निरंतर प्राप्त कर रहे हैं, जिससे उन्हें प्रतिवर्ष 6000 रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त होती है।

 

प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लक्ष्य को सशक्त बनाने हेतु मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना प्रारंभ की गई है, जिसके अंतर्गत राज्य के पात्र किसानों को 6000 रुपये की अतिरिक्त राशि तीन समान किश्तों में प्रदान की जाती है। इस योजना का लाभ भी कृषक श्री धनीराम सिंह को नियमित रूप से प्राप्त हो रहा है।

 

श्री धनीराम सिंह बताते हैं कि सरकार द्वारा प्रदत्त यह आर्थिक सहायता उनके लिए एक महत्वपूर्ण संबल सिद्ध हो रही है। आवश्यकता पड़ने पर वे इस राशि का उपयोग कृषि कार्य हेतु बीज, खाद आदि की खरीदी में करते हैं अथवा परिवार की तात्कालिक आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु इसे व्यय करते हैं। उन्होंने बताया कि इस सहयोग के कारण उन्हें छोटी-मोटी आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु अब किसी से ऋण लेने की आवश्यकता नहीं पड़ती है। यह राशि उनकी आय में सहायक सिद्ध होकर उन्हें आत्मनिर्भर बना रही है।

 

श्री धनीराम सिंह ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं से उन्हें न केवल आर्थिक संबल प्राप्त हुआ है, अपितु वे स्वावलंबी कृषक के रूप में समाज में गर्व का अनुभव कर रहे हैं।

खबरों को शेयर कीजिए। धन्यवाद

Leave a Comment