कसरावद के ग्राम एक्कलधारिया में 108 कुंडीय सीताराम महायज्ञ एवं श्रीमद भागवत कथा के शुभारंभ पर रविवार को निकली भव्य कलश शोभायात्रा पूरे क्षेत्र में आस्था का केंद्र बनी। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में कलश धारण कर यात्रा की शोभा बढ़ाई।
शोभायात्रा में 50 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, कई चारपहिया वाहन और सैकड़ों बाइकें शामिल रहीं। आधा दर्जन डीजे की भक्तिमय धुनों पर युवा झूमते नजर आए। यात्रा एक्कलधारिया से होकर काटकुर, साटकूर, बालसमुद, नयानगर, भीलगांव, कसरावद, गवला, बामंदी, काछीपुरा व सियारामपुरा से होते हुए पुनः कथा स्थल पहुंची। मार्गभर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
विभिन्न देवी–देवताओं की झांकियों ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। भीड़ के बावजूद पुलिस व समिति सदस्यों ने यातायात व्यवस्था सुचारू रखी तथा बालसमुद व कसरावद में एम्बुलेंस को सुरक्षित रास्ता दिलाना सराहनीय रहा।
कलश यात्रा के साथ कथा का शुभारंभ हुआ, जिसका वाचन देवी हेमलता शास्त्री (उज्जैन) द्वारा 8 दिसंबर तक किया जाएगा।

















