रिपोर्टर – सुमिता शर्मा
हसदेव क्षेत्र | रामनगर, डोला | 03 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ के पारंपरिक छेरछेरा पर्व के पावन अवसर पर जागृति महिला समिति द्वारा एक सराहनीय सामाजिक कल्याणकारी पहल की गई। समिति ने रामनगर, डोला में भीषण ठंड से बचाव के उद्देश्य से जरूरतमंदों के बीच 80 नग कंबल एवं 100 नग फूड पैकेट का वितरण किया।
यह सेवा कार्य श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा परम आदरणीय शशि दुहन के प्रेरणा, संरक्षण एवं मार्गदर्शन से प्रेरित होकर किया गया। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को भी कंबल एवं फूड पैकेट प्रदान किए गए, जिससे उनके चेहरों पर प्रसन्नता और संतोष झलक उठा। लाभार्थियों ने समिति के सदस्यों को आशीर्वाद देकर आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जागृति महिला समिति की अध्यक्षा डॉ. श्रीमती सरोज बाला विश्नोई ने उपस्थित जनसमुदाय को ठंड से बचाव के उपाय बताते हुए स्वच्छता बनाए रखने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।
कार्यक्रम में श्रीमती रूना मित्रा (सचिव), राजकुमारी रघुवंशी, तृप्ति पाण्डेय (समाज कल्याण सचिव), माला तिवारी, ऋचा जिंदल, मिताली सिल, स्नेह नामदेव, रीना बघेल सहित जागृति महिला समिति की अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
छेरछेरा पर्व पर की गई यह पहल सामाजिक संवेदनशीलता, सेवा भावना और महिला सशक्तिकरण का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आई है।


















