शिक्षा जगत में समर्पण की मिसाल — सहायक शिक्षिका श्रीमती क्रांति देवी चंदेल सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई के साथ कार्यकाल हुआ पूर्ण
जमुना बस्ती। माध्यमिक विद्यालय जमुना बस्ती की सहायक शिक्षिका श्रीमती क्रांति देवी चंदेल 31 अक्टूबर 2025 को अधिवर्षिका आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुईं। उनके सम्मान में विद्यालय परिसर में संकुल प्राचार्य अवधराज सिंह सोलंकी की अध्यक्षता में विदाई समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में श्रीमती चंदेल को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। संचालन श्री राहा सर द्वारा किया गया। इस अवसर पर संकुल के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान राहा सर ने मैडम चंदेल के सेवा काल की उपलब्धियों और उनके प्रेरणादायी कार्यों पर प्रकाश डाला।
संकुल प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में श्रीमती चंदेल के स्वस्थ, सफल एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनका शिक्षण जीवन भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में श्रीमती चंदेल ने सभी सहयोगी शिक्षकों और संकुल प्राचार्य के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया तथा स्नेहिल विदाई के इस पल को अपने जीवन का अविस्मरणीय क्षण बताया।


















