हर घर तिरंगा,हर घर स्वच्छता अभियान से नागरिक कर्तव्यों की भावना को सुदृढता प्रदान करें – जिपं सीईओ
हर घर तिरंगा अभियान के संबंध में जिपं सीईओ ने बैठक लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
अनूपपुर 7अगस्त 2025/ 79 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत हर घर स्वच्छता स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग विषय पर आधारित अभियान 8 से 15 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा, जिले में कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के दिशा निर्देशानुसार अभियान का बेहतर क्रियान्वयन जिले में सुनिश्चित किया जाए उक्ताशय के निर्देश जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तन्मय वशिष्ठ शर्मा ने अभियान के तहत विभिन्न दायित्वों के नोडल अधिकारियों की बैठक में दिए।
बैठक में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा संबंधित नोडल अधिकारी उपस्थित थे।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तन्मय वशिष्ठ शर्मा ने बैठक में कहा कि अभियान सामूहिक उत्सव और नागरिक कर्तव्यों की भावना को सुदृढ करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है, जिससे स्वच्छ और सुजल गांव की अवधारणा (स्वच्छता और जल सुरक्षा) को स्वतंत्रता की भावना से जोड़ते हुए माननीय प्रधानमंत्री जी की प्रभावी (वास वॉटर, सैनिटेशन एंड हाइजीन) की संकल्पना को आगे बढ़ाया जाएगा ताकि सतत सुरक्षित जल आपूर्ति और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वच्छता को सुनिश्चित किया जा सके।
अभियान के अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांवो/ ग्राम पंचायतो में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाए स्वच्छ सुजल गांव संकल्प, सामुदायिक साफ-सफाई अभियान वास परिसंपत्तियों की सफाई, जन जागरूकता गतिविधियां एवं जल संरक्षण गतिविधियां की जाए,
अभियान का समापन 15 अगस्त 2025 को प्रमुख वास स्थलों (जैसे अमृत सरोवर सार्वजनिक स्थल आदि) पर ध्वजारोहण समारोह के साथ किया जाए यह प्रतीकात्मक गतिविधियां स्वतंत्रता, गरिमा और समृद्धि को दर्शाएगी जो सुरक्षित जल और स्वच्छता की उपलब्धता से प्राप्त होती है।
जिला पंचायत के सीईओ श्री तन्मय वशिष्ठ शर्मा ने जनजाति कार्य विभाग, सर्व शिक्षा अभियान, स्वास्थ्य विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग, आयुष विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन, जनसंपर्क विभाग, शिक्षा,
जन अभियान परिषद, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी आदि विभाग के जिला प्रमुख अधिकारियों तथा जनपद पंचायतो के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अभियान में जिला विकासखंड और ग्राम पंचायत में नागरिकों के सक्रिय भागीदारी के संबंध में निर्देश दिए हैं उन्होंने कहा है की विशेष रूप से ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समितियां स्व सहायता समूह पंचायत प्रतिनिधि विद्यालयों के बच्चे स्वयंसेवक और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को अभियान में जोड़ेने,
तथा अभियान गतिविधियों के संचालन अवधि के दौरान समस्त सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रमुख हैशटैग उपयोग अनिवार्य रूप से करने तथा अभियान गतिविधियों का प्रचार प्रसार के निर्देश दिए है। उन्होंने जिला एवं जनपद स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया।


















