बिशुनपुर में हाथियों का हमला: फुलसाय पण्डो की दर्दनाक मौत, वन विभाग की भूमिका पर उठे सवाल
कोरिया। बैकुंठपुर क्षेत्र के ग्राम बिशुनपुर सर्किल में 11 हाथियों का दल पहुंचने से हड़कंप की स्थिति बन गई है। इसमें से 5 हाथी सलका क्षेत्र की ओर बढ़ गए, जबकि 6 हाथी अब भी नगर और बिशुनपुर के आसपास विचरण कर रहे हैं।
आज सुबह करीब 4 बजे स्थानीय निवासी फुलसाय पण्डो, जो आवासहीन थे, अपनी झोपड़ी में सो रहे थे। अचानक हाथियों ने झोपड़ी पर हमला कर दिया, जिससे फुलसाय पण्डो को पटककर उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।
क्या वन विभाग को हाथियों के आगमन की जानकारी नहीं थी?
यदि थी, तो रिहायशी इलाकों और वन से सटे गांवों को समय पर अलर्ट क्यों नहीं किया गया?
इसके साथ ही फुलसाय पण्डो जैसे परिवारों तक शासकीय योजनाओं का लाभ न पहुँच पाना भी व्यवस्था की बड़ी खामी को उजागर करता है। सुशासन और विकास की बड़ी-बड़ी बातों के बीच ऐसी घटनाएँ व्यवस्था की वास्तविकता को सामने रख रही हैं


















