एमसीबी। मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कतवार के कुदरी और देवसिल में पेयजल संकट को दूर करने के लिये लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा चलाया जा रहा हैंडपंप मरम्मत अभियान अब तेज रफ्तार पकड़ चुका है। लंबे समय से खराब पड़े हैंडपंपों की दुरुस्ती से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
हैंडपंप टेक्नीशियन पिंटू कुमार और उनकी टीम ने गांव के विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर निष्क्रिय हैंडपंपों की तकनीकी जांच की। टीम द्वारा सिलेंडर बदलाव, पाइपलाइन परीक्षण, रस्सी-पिस्टन मरम्मत, वाल्व सफाई तथा आवश्यक पुर्जों का परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण कार्य किये गये। मरम्मत के बाद हैंडपंपों से स्वच्छ पानी निर्बाध रूप से बहने लगा जिससे ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे।
ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि अब उन्हें पानी की तलाश में दूर-दराज के स्रोतों तक नहीं जाना पड़ता। विभाग की टीम समय पर पहुंची और तुरंत हैंडपंप ठीक कर दिया। अब सुबह-शाम पानी के लिए परेशानी नहीं होती है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के सभी खराब हैंडपंपों की सूची तैयार कर ली गई है तथा आने वाले दिनों में भी इसी तेजी से मरम्मत अभियान जारी रहेगा। गर्मी से पूर्व सभी पेयजल स्रोतों को पूर्ण रूप से दुरुस्त करने पर विभाग विशेष ध्यान दे रहा है। ग्रामीणों ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और टेक्नीशियन टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल उनके दैनिक जीवन में संजीवनी साबित हो रही है।


















