जरूरतमंद बच्चों और महिलाओं को वितरित की गई दीपावली सामग्री
केंवट बस्ती में वी.मनेन्द्रगढ़ समर्पण ने बांटी दीपावली की खुशियाँ
मनेन्द्रगढ़। दीपावली पर्व के शुभ अवसर पर वी. मनेन्द्रगढ़ समर्पण संस्था ने वार्ड क्रमांक 22 के केंवट बस्ती में पहुंचकर जरूरतमंद बच्चों और महिलाओं के साथ खुशियाँ साझा की।
संस्था की टीम ने बच्चों को पटाखे, मोमबत्तियाँ, माचिस और मिठाइयाँ प्रदान कीं। इस अवसर पर बच्चों के चेहरों पर उत्साह और खुशी झलकती दिखाई दी वहीं महिलाओं को संस्था की चेयरपर्सन रूपा पोद्दार ने पूजा सामग्री, दीपक-बत्ती, लाई, बताशा और अन्य उपयोगी वस्तुएँ भेंट की ताकि वे भी दीपावली का त्योहार उल्लासपूर्वक मना सकें।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद स्वप्निल सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने संस्था के इस सामाजिक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि गरीब बस्ती में जाकर जरूरतमंद परिवारों को सहायता देना वास्तव में प्रेरणादायक कदम है जिससे हर घर में दीपावली की रौनक बढ़ेगी।
संस्था की अध्यक्ष बबीता अग्रवाल ने बताया कि सामग्री वितरण के बाद बच्चों और महिलाओं के चेहरों पर आई मुस्कान देखकर सभी सदस्य भावुक हो उठे। बस्ती की महिलाओं ने संस्था को धन्यवाद देते हुए कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने से वे हर साल दीपावली की सामग्री नहीं खरीद पातीं लेकिन इस बार उनका त्योहार विशेष बन गया है।
कार्यक्रम में पीडीपी अनीता फरमानिया, मधु जैन, रूपा पोद्दार, श्वेता प्रधान, मंजू गोयल सहित संस्था के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

















