दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया दीपावली उत्सव
एमसीबी। जिले के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में दीपावली का पर्व पूरे हर्षोल्लास और उल्लासपूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष प्रातः सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी द्वारा माता लक्ष्मी एवं भगवान श्री गणेश के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण से हुई। इसके बाद कक्षा दूसरी के विद्यार्थी जिज्ञांश आर्या ने दीपावली पर्व के महत्व पर प्रभावी भाषण प्रस्तुत किया।
कक्षा चौथी के छात्र-छात्राओं ने सुमधुर गीत की प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद कक्षा दूसरी के बच्चों ने माता शबरी और भगवान श्रीराम के प्रेम पर आधारित एक भावनात्मक नाटक प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत आकर्षक नृत्य और नाट्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। नाट्य मंचन में विद्यार्थियों ने दीपावली पर्व के माध्यम से सत्य की जीत और भगवान श्रीराम के आदर्शों व मूल्यों का सुंदर संदेश दिया।
प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का त्योहार नहीं बल्कि यह अंधकार से प्रकाश, अज्ञान से ज्ञान और बुराई से अच्छाई की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। हमें अपने जीवन में भी परोपकार, सत्य और सदाचार के दीप जलाने चाहिए। इसी क्रम में विद्यालय की प्री-प्राइमरी कक्षाओं के लिए पॉटलक पार्टी का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में साझेदारी, सहयोग और आत्मनिर्भरता की भावना को प्रोत्साहित करना था। बच्चों ने घर से लाए स्वादिष्ट व्यंजन एक-दूसरे के साथ साझा किए। विद्यालय का परिसर बच्चों की हंसी, उत्साह और सौहार्द से गूँज उठा। प्राचार्य डॉ. तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को साझा करने, कृतज्ञता और सामूहिकता की भावना सिखाते हैं। उन्होंने अभिभावकों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने बच्चों को स्वस्थ एवं स्वादिष्ट भोजन तैयार करने के लिये प्रेरित किया। इसके साथ ही विद्यालय में चारों सदनों के मध्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ। रंग-बिरंगी कलाकृतियों ने विद्यालय परिसर को उत्सवमय बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह ने कहा कि दीपावली का सच्चा अर्थ पर्यावरण-संरक्षण, स्वच्छता और आपसी सद्भाव में निहित है। हमें मिट्टी के दीप जलाने, पटाखों से परहेज करने और जरूरतमंदों के साथ खुशियाँ बाँटने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि सच्चा आनंद दूसरों की मदद करने और मिल-जुलकर त्यौहार मनाने में है। आइए, इस दीपावली पर हम स्वच्छ, सुरक्षित और शांतिपूर्ण समाज के निर्माण का संकल्प लें।राष्ट्रगान और शुभकामनाओं के साथ इस भव्य कार्यक्रम का समापन हुआ।


















