अनूपपुर। सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार 08 जनवरी 2026 को जिला स्तरीय बैठक का आयोजन अनूपपुर में किया गया। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ए.एस.पी. मरकाम ने की। बैठक में जिला स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें विनोद परस्ते, मंजूषा शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी ओमकार धुर्वे, उद्योग विभाग के प्रतिनिधि, कोतवाली टी.आई. अरविन्द जैन, युवा एवं खेल विभाग तथा सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष मोहन पटेल शामिल रहे।
बैठक में हार्ड संस्था अनूपपुर के डायरेक्टर सुशील शर्मा ने जानकारी दी कि मध्य प्रदेश शासन के पुलिस विभाग द्वारा सृजन कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत 13 से 19 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे बच्चों को चिन्हित कर प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो शाला त्यागी, बाल श्रमिक अथवा गलत दिशा में भटक चुके हैं। प्रशिक्षण में मार्शल आर्ट, व्यावहारिक क्षमता विकास एवं कौशल विकास को शामिल किया गया है, जिससे बच्चों को पुनः समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
बताया गया कि यह प्रशिक्षण 18 दिवसीय होगा, जिसमें प्रतिदिन योजनाबद्ध तरीके से बच्चों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों एवं सीएसओ के सहयोग की अपेक्षा की गई। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए। बैठक का आयोजन एवं समन्वय आर.आई. ज्योति दुबे द्वारा किया गया।


















