सरकारी संपत्ति बेचने को लेकर विवाद: महिला नगर पंचायत उपाध्यक्ष ने अध्यक्ष पर लगाया उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, FIR दर्ज
महासमुंद। नगर पंचायत तुमगांव की उपाध्यक्ष सावित्री उत्तम निर्मलकर ने अध्यक्ष बलरामकांत साहू के खिलाफ गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मामले में तुमगांव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की FIR के मुताबिक, घटना 17 मई 2025 की है, जब नगर पंचायत कार्यालय में तिरंगा यात्रा के आयोजन के दौरान अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के बीच विवाद हो गया। उपाध्यक्ष का आरोप है कि शासकीय संपत्ति को बिना नीलामी, सूचना और रसीद के बेचने को लेकर जब उन्होंने आपत्ति जताई, तो अध्यक्ष बलरामकांत साहू ने उनके साथ सार्वजनिक रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी।