अनूपपुर। वन मंडल अनूपपुर से लगे डिंडौरी जिले के जंगलों में तीन हाथियों के समूह के विचरण की सूचना मिली है। वन विभाग के अनुसार 1 अप्रैल 2026 की रात करीब 7:45 बजे यह हाथियों का समूह वन मंडल एवं वन परिक्षेत्र डिंडौरी के कला पड़रिया बीट के जंगल में दिनभर विश्राम करने के बाद देर शाम पानी की तलाश में जंगल से निकलकर बाध व तालाब की ओर जाते हुए देखा गया।
बताया गया कि यह क्षेत्र अनूपपुर वन मंडल के राजेंद्रग्राम वन परिक्षेत्र के तुलरा बीट की सीमा से लगभग 10 से 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। वन विभाग के अनुसार ये तीनों हाथी पिछले करीब पांच दिनों से अनूपपुर वन मंडल के वन परिक्षेत्र अहिरगवां अंतर्गत सरफा-बघाड़ी गांव के पास जोहिला नदी के पुल को पार कर डिंडौरी जिले के जंगलों में विचरण कर रहे हैं।
वन परिक्षेत्र अधिकारी अतुल सिंह बघेल, वन मंडल डिंडौरी से प्राप्त जानकारी के आधार पर वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। जानकारी का संकलन वन्यजीव संरक्षक शशिधर अग्रवाल द्वारा किया गया है।









