DIG शहडोल जोन सुश्री सविता सोहाने ने पुष्पराजगढ़ मुख्यालय राजेंद्रग्राम नगर भ्रमण कर दिया जागरूकता संदेश
अनूपपुर। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व अनूपपुर जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत बड़े ही उत्साह और जोश के साथ हुई। शहडोल जोन की डीआईजी सविता सोहाने के नेतृत्व में सोमवार को पुष्पराजगढ़ मुख्यालय से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ। यह यात्रा थाना राजेंद्रग्राम से निकलकर बस स्टैंड होते हुए नगर भ्रमण पर निकली गई। यात्रा के दौरान डीआईजी ने आमजन को अपने-अपने घर पर तिरंगा फहराने का संदेश दिया और राष्ट्रप्रेम के महत्व को समझाया।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों का उत्साह देखने लायक था। बच्चे हाथों में तिरंगा लहराते हुए ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से वातावरण गुंजा रहे थे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और जनता से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना रहा।
यात्रा में DIG सविता सोहाने के साथ एसडीओपी नवीन तिवारी, थाना प्रभारी राजेंद्रग्राम एसपी शुक्ला, पुलिस स्टाफ, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें जागेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी (मंडल अध्यक्ष राजेंद्रग्राम), राकेश गुप्ता (मंडल प्रभारी राजेंद्रग्राम), नरेश मिश्रा, प्रभाकर जयसवाल (महामंत्री), प्यारेलाल कुशवाहा (महामंत्री), मिथिलेश मरावी (जनपद अध्यक्ष), श्रीमती संगीता महोबिया (जनपद सदस्य), श्रीमती चंद्रवती मरावी, प्रमोद मरावी (पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेंद्रग्राम), रामरतन चंद्रवंशी (मंडल उपाध्यक्ष), ललित सिंह, अरविंद सिंह, रामकुमार जयसवाल, सत्य नारायण पटेल (सरपंच कोहका), रोशन हलवाई और बबलू जयसवाल शामिल रहे।
कार्यक्रम में लोगों को यह संदेश दिया गया कि 13 से 15 अगस्त तक हर घर पर तिरंगा लहराना न केवल संविधान के प्रति सम्मान है, बल्कि यह आज़ादी के वीर शहीदों के बलिदान को याद करने का भी अवसर है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान लोगों में यह जागरूकता फैला रहा है कि तिरंगा मात्र एक झंडा नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है।


















