ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
धार जिले के आदिवासी क्षेत्र के लिए बहुप्रतीक्षित रेल परियोजना अब अंतिम चरण में पहुंचती नजर आ रही है। वर्षों से रेलवे सुविधा का इंतजार कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए जल्द ही रेल सेवा शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
आज केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने धार जिले में निर्माणाधीन रेलवे लाइन और स्टेशन का निरीक्षण किया। वे धार स्थित निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन और प्लेटफॉर्म पहुंचीं, जहां उन्होंने रेलवे अधिकारियों के साथ चल रहे कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और बिछाई जा रही पटरियों का अवलोकन किया। रेलवे अधिकारियों ने उन्हें परियोजना की प्रगति और शेष कार्यों की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि धार से पीथमपुर तक रेलवे ट्रैक बिछाने का कार्य तेज गति से जारी है और परियोजना अब अंतिम दौर में है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री रेलवे अधिकारियों के साथ एक ट्रॉली पर सवार होकर ट्रैक पर भी निकलीं। ट्रॉली को ट्रैक पर चलाकर तकनीकी परीक्षण किया गया, जिसे सफल बताया गया। मंत्री ने ट्रैक पर पैदल चलकर भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रेलवे विभाग के अनुसार 20 मार्च को धार से पीथमपुर के बीच ट्रायल रन प्रस्तावित है। इसके साथ ही इंदौर-दाहोद और धार-छोटा उदयपुर रेल लाइन परियोजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है।
केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने विश्वास जताया कि मई-जून 2026 तक इस क्षेत्र में रेल सेवा शुरू होने की पूरी संभावना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आदिवासी अंचल को रेलवे और औद्योगिक विकास की बड़ी सौगात दी गई है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
निरीक्षण के अंत में मंत्री ने अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।








