उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने जिला चिकित्सालय अनूपपुर का किया निरीक्षण
अनूपपुर 19 अक्टूबर 2025- मध्यप्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने आज जिला चिकित्सालय अनूपपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय परिसर, विभिन्न वार्डों एवं आपातकालीन सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने उपस्थित चिकित्सकों एवं अधिकारियों से चर्चा की और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। चिकित्सालय में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने, आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा चिकित्सा उपकरणों के सुचारू उपयोग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों से आने वाले मरीजों को भी सहज, त्वरित एवं संतोषजनक चिकित्सा सुविधाएँ मिलनी चाहिए। इस अवसर पर मध्य प्रदेश कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राम लाल रौतेल, कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आर के वर्मा, सिविल सर्जन, पूर्व अध्यक्ष जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ श्री हीरा सिंह श्याम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकारगण एवं आमजन उपस्थित थे।


















