धान फसल की बर्बादी पर कर्जमाफी व राहत राशि की मांग
कृष्ण कुमार उपाध्याय मानपुर बांधवगढ़ उमरिया
पूर्व विधायक अजय सिंह बोले- अन्नदाताओं को संकट से निकालना सरकार की जिम्मेदारी
उमरिया। जिले में अतिवृष्टि का कहर इस कदर बरपा कि खेतों में कटी और खड़ी दोनों तरह की धान फसल तबाह हो गई। ऐसे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक अजय सिंह ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केन्द्र सरकार से किसानों के सामने आए इस अभूतपूर्व संकट को देखते हुए त्वरित आर्थिक राहत प्रदान करने तथा समस्त कृषि ऋण माफ करने की मांग की है। अजय सिंह ने कहा कि जिले के किसानों ने इस बार अच्छी बारिश की उम्मीद में कर्ज लेकर धान की खेती की थी, लेकिन कटाई के दौरान ही आई भारी बारिश ने खेतों में रखी फसल को पानी में डुबोकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। वहीं खड़ी फसल भी जलभराव के कारण झड़ गई, जिससे कई किसानों को उत्पादन लागत तक निकलने की उम्मीद नहीं है। इससे अन्नदाताओं पर कर्ज का बोझ और जीवन-यापन की समस्या गहराती जा रही है।
तो पडेगा अर्थव्यवस्था पर असर
उन्होंने कहा कि किसान आज ऐसी परिस्थिति से गुजर रहा है जहां एक तरफ उसकी मेहनत बरबाद हो गई है और दूसरी तरफ कर्ज की किस्तें सिर पर आ खड़ी हैं। रबी फसल की तैयारी भी अब बड़ी चुनौती बन गई है। यदि किसानों को तुरंत राहत उपलब्ध नहीं कराई गई तो उनका खेती से मोहभंग होना तय है, जिसका असर प्रदेश की अर्थव्यवस्था तक पर पड़ेगा।
पूर्व विधायक ने स्पष्ट कहा कि सरकार को सिर्फ फसल नुकसानी का मुआवजा देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रभावित किसानों के सभी प्रकार के कर्ज तत्काल माफ कर उन्हें इस संकट की घड़ी में सहारा देना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनकी आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।


















