एमसीबी। जिले के पोंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत लामीगोड़ा नाला के किनारे गुरुवार सुबह एक ईंट भट्ठा मजदूर का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पोंडी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 25 वर्षीय रंजीत कोल पिता महेश प्रसाद कोल निवासी अलीनगर बिजुरी के रूप में हुई है जो मौहारीडाँड़ स्थित ईंट बनाने का काम करता था। रंजीत कोल बुधवार की दोपहर से लापता था जिसकी तलाश परिजन और सहकर्मी कर रहे थे। गुरुवार सुबह उसका शव भट्ठे से लगभग एक किलोमीटर दूर लामीगोड़ा नाला के किनारे पड़ा मिला जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पोंडी पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की घेराबंदी की और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह को जानकारी दी गई जिनके निर्देश पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किये गये।
पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि मजदूर की मौत दुर्घटनावश अथवा अन्य कारणों से हुई है। फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है।
पोंडी थाना प्रभारी निरीक्षक जवाहरलाल गायकवाड़ ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मृतक के परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ कर रही है तथा लापता होने से लेकर शव मिलने तक की पूरी कड़ी को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है वहीं अचानक हुई इस घटना से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का वातावरण बना हुआ है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने लाने की मांग की है।


















