अवैध कब्जे पर निगम प्रशासन का एक्शन, व्यापारियों का फूटा गुस्सा
रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध कब्जे पर एक बार फिर से नगर निगम ने बुलडोजर कार्रवाई की है। सोमवार को गोगांव क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 3 में मेन रोड किनारे बनी दर्जनों दुकानों पर प्रशासन ने अचानक बुलडोजर चलवा दिया।
इस दौरान दुकानों के सामने नाली के ऊपर बने पाटे को भी तोड़ दिया गया। निगम की इस कार्रवाई का बड़ी संख्या में स्थानीय दुकानदारों और रहवासियों ने पक्षपात का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध किया। मौके पर पुलिस और नगर निगम अधिकारियों के साथ दुकानदारों की तीखी बहस, गाली-गलौज और झूमाझटकी भी हुई। वहीं कांग्रेस नेता पंकज शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ का विरोध किया।
स्थानीय दुकानदारों ने लल्लूराम डॉट कॉम से बातचीत करते हुए बताया कि चुनींदा दुकानों पर ही बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय निवासी राम साहू ने आरोप लगाया कि कई भाजपा नेताओं की दुकानें भी वहां हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। गोगांव इलाके के वार्ड क्रमांक 3 में यह कार्रवाई की गई, जिसमें एक दर्जन से ज्यादा दुकानों के सामने हिस्से को तोड़ा गया।


















