धनपुरी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में बुढ़ार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा धनपुरी में ब्लॉक स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक के मुख्य अतिथि बिछिया विधानसभा विधायक एवं शहडोल जिला कांग्रेस प्रभारी नारायण सिंह पट्टा रहे, जबकि अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के अध्यक्ष अजय अवस्थी ने की।
बैठक की शुरुआत महात्मा गांधी एवं स्वामी विवेकानंद की जयंती पर दीप प्रज्वलन व पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
अध्यक्षीय संबोधन में अजय अवस्थी ने कहा कि संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही प्राथमिकता मिलेगी और सभी कमियों को दूर कर आने वाले चुनावों में कांग्रेस एकजुट होकर मैदान में उतरेगी।
प्रदेश कांग्रेस सचिव प्रदीप सिंह ने कहा कि पार्टी से नाराज़ कार्यकर्ताओं को शीघ्र मनाया जाएगा और प्रदेश नेतृत्व के साथ मिलकर कांग्रेस मध्यप्रदेश में सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आम जनता भाजपा के झूठे वादों से त्रस्त होकर पुनः कांग्रेस की ओर लौट रही है।
धनपुरी नगर पालिका के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हनुमान खंडेलवाल ने कहा कि कार्यकर्ता कांग्रेस की रीढ़ हैं, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर आगामी चुनावों में भाजपा को पराजित किया जाएगा।
मुख्य अतिथि विधायक नारायण सिंह पट्टा ने जल्द ही बूथ व वार्ड स्तर पर कमेटियों के गठन की घोषणा की। उन्होंने SIR को लेकर मतदाता सूची की वार्डवार जांच कर रिपोर्ट बनाने, अनुशासनहीनता पर कड़ी कार्रवाई तथा मनरेगा के नाम बदलने व केंद्र–राज्य की 60:40 हिस्सेदारी योजना का जोरदार विरोध करने की बात कही। उन्होंने कहा कि कोरोना काल जैसी आपदाओं में मनरेगा ने करोड़ों लोगों को रोजगार देकर संजीवनी का काम किया, ऐसे में इसके अस्तित्व पर खतरा चिंताजनक है।
आभार व्यक्त करते हुए बुढ़ार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अंकित सिंह ने कहा कि वे संगठन और आलाकमान के भरोसे पर खरा उतरते हुए कांग्रेस की नीति-विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाकर नगर पालिका, विधानसभा व लोकसभा चुनावों में पार्टी को विजयी बनाने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
बैठक में पूर्व पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण एवं मातृशक्ति सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








