सीएमओ की अनुपस्थिति से भड़के कांग्रेसी, कुत्ते को ज्ञापन देने की तैयारी के बाद नायब तहसीलदार ने लिया ज्ञापन
राजनगर। नगर में व्याप्त जनसमस्याओं और कथित भ्रष्टाचार को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजनगर द्वारा 22 सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड राजनगर से नगर परिषद कार्यालय तक रैली निकाली और अपनी मांगों के समर्थन में नगर परिषद कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि वार्ड क्रमांक 1 से 4 तक गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं। प्रमुख मांगों में प्रधानमंत्री आवास योजना को नगर क्षेत्र में लागू करना, सामुदायिक भवन को कोटा संचालन से मुक्त करना, सार्वजनिक स्थलों पर मूत्रालय की व्यवस्था, नल–जल योजना को तत्काल पूर्ण करना, सभी वार्डों में नाली निर्माण, 181 में दर्ज शिकायतों का निराकरण सहित कुल 22 बिंदुओं पर कार्रवाई की मांग शामिल है
धरना स्थल पर कांग्रेसियों का आरोप रहा कि करीब तीन घंटे तक नगर परिषद का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त हो गया। नगर परिषद के इस रवैये से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ता प्रतीकात्मक रूप से कुत्ते को ज्ञापन देने की तैयारी करने लगे स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार श्री पटेल मौके पर पहुंचे और नगर परिषद कार्यालय जाकर कांग्रेसियों का ज्ञापन प्राप्त किया उन्होंने सभी समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरिशंकर दुबे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयप्रकाश श्रीवास्तव, रामनारायण सिंह, जगदीश पटेल, अशोक जेठानी, निर्भय राव, संतोष यादव, राहुल सिंह, मनोहर जायसवाल, राहुल जायसवाल, अश्विनी यादव सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, महिलाएं एवं नगरवासी उपस्थित रहे


















