एमसीबी/मनेन्द्रगढ़। सड़क सुरक्षा माह के तहत मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर पुलिस द्वारा सड़क यातायात सुरक्षा को लेकर व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के निर्देश और पुलिस अधीक्षक मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर श्रीमती रत्ना सिंह के मार्गदर्शन में मनेंद्रगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली का शुभारंभ सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़ परिसर से हुआ जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विभिन्न चौक-चौराहों तक पहुंची। रैली के माध्यम से आम नागरिकों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को यह संदेश दिया गया कि हेलमेट पहनना और सीट बेल्ट लगाना केवल कानूनी बाध्यता नहीं बल्कि जीवन रक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है।
*स्लोगन और संवाद से दिया गया सुरक्षा का संदेश*
रैली के दौरान पुलिस कर्मियों के साथ स्कूली बच्चों ने भी सहभागिता की। बच्चों के माध्यम से “यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें” और “आपकी सुरक्षा, आपकी जिम्मेदारी” जैसे प्रेरक स्लोगनों से लोगों को जागरूक किया गया। कई स्थानों पर वाहन चालकों को रोककर हेलमेट के महत्व को समझाया गया और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
*वाहन चेकिंग का उद्देश्य दंड नहीं, सुरक्षा: पुलिस अधीक्षक*
पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह ने कहा कि वाहनों की चेकिंग किसी को परेशान करने के लिये नहीं बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से की जाती है। उन्होंने बताया कि अब आम नागरिक भी शहर के यातायात को व्यवस्थित करने में NextGen mParivahan App के माध्यम से सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। इस ऐप के Citizen Sentinel फीचर में जाकर फोटो या वीडियो के माध्यम से यातायात नियमों के उल्लंघन की शिकायत दर्ज की जा सकती है जिसमें शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
*शराब पीकर वाहन ना चलाने की अपील*
मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं हेलमेट पहनें, अपने परिवारजनों विशेषकर युवाओं को इसके लिये प्रेरित करें। चारपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा शराब पीकर वाहन ना चलाएं।
यातायात नियमों का पालन करें।
*जागरूकता अभियान रहेगा लगातार जारी*
इस अवसर पर सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ के थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेश सैनी ने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आम नागरिकों के जान की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


















