जिला चिकित्सालय का कलेक्टर ने किया आकस्मिक निरीक्षण
जिला चिकित्सालय के नवीन भवन में दिशा सूचक लेबल्स लगाने तथा डॉक्टरों का ड्यूटी चार्ट चस्पा करने तथा डॉक्टरों के कक्ष के बाहर नेम प्लेट लगाने के दिए निर्देश
अनूपपुर 01 अगस्त 2025/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली में आज जिला चिकित्सालय अनूपपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। साथ ही मरीजों से चर्चा कर स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. वर्मा, जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ एस आर परस्ते सहित स्वास्थ्य विभाग का अमला उपस्थित था।
कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने जिला चिकित्सालय के सीसीटीवी कन्ट्रोल रूम, अल्ट्रासाउन्ड कक्ष, प्रसव कक्ष आदि का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सेवाओ का व्यवस्थित संचालन कर बेहतर एवं सुलभ रूप से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला चिकित्सालय की साफ-सफाई व्यवस्था को और दुरुस्त करने के लिए सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय के नवीन भवन में मरीजों की सुविधा के लिए दिशा सूचक लेबल्स लगाने, डॉक्टरों का ड्यूटी चार्ट चस्पा करने तथा डॉक्टरों के कक्ष के बाहर नेमप्लेट लगाने एवं डॉक्टरों की बैठक व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर को अवगत कराया गया कि नवीन जिला चिकित्सालय भवन में विद्युत की निर्बाध आपूर्ति न होने के कारण अनेक समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। जिस पर कलेक्टर ने विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए।


















