कलेक्टर ने ग्राम गोहन्ड्रा में बीमा एवं पेंशन योजनाओं के शिविर का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने हितग्राहियों के डोर-टू-डोर सर्वे एवं नियमित कैंप लगाने के दिए निर्देश
अनूपपुर 23 जुलाई 2025- कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने जनपद पंचायत कोतमा के ग्राम पंचायत गोहन्ड्रा में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना के पंजीयन हेतु आयोजित विशेष शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों से सीधा संवाद कर पंजीयन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पंजीयन रजिस्टर का निरीक्षण किया तथा जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक से हितग्राहियों के पंजीयन के संबंध में जानकारी प्राप्त की, जिस पर जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक द्वारा सही जानकारी नहीं देने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु डोर-टू-डोर सर्वे कर पात्र लोगों के नाम तत्काल पंजीयन में जोड़े जाएं।
कलेक्टर ने शिविर स्थल पर बैठक व्यवस्था, शुद्ध पेयजल सुविधा तथा योजनाओं के प्रचार-प्रसार की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि इन योजनाओं की व्यापक जानकारी जनसामान्य तक पहुंचे, इसके लिए सतत जागरूकता गतिविधियां चलाई जाएं। साथ ही जिले में प्रतिदिन इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जाएं ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक लाभान्वित हो सकें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पंजीकृत हितग्राहियों की जानकारी को संधारित कर उसका नियमित फॉलोअप किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा संचालित यह योजनाएं आमजन को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं, अतः इनका प्रभावी क्रियान्वयन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री तन्मय वशिष्ठ शर्मा, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री अजीत नांबियार, डीपीएम एनआरएलएम श्री शशांक सिंह सहित बैंक के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


















