स्कूटी की डिक्की बनी शराब तस्करी का अड्डा
चिरमिरी पुलिस ने 20 लीटर महुआ शराब किया जप्त
एमसीबी। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देशानुसार जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिये लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी श्रीमती दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में थाना चिरमिरी पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुये स्कूटी से अवैध महुआ शराब जप्त की है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी उप निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को 01 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि भट्टी दफाई गेल्हापानी निवासी रीना यादव उर्फ खुशबू नामक महिला काले रंग की स्कूटी से अवैध हाथ भट्टी की बनी महुआ शराब लेकर बिक्री के उद्देश्य से गेल्हापानी से चिरमिरी की ओर आ रही है। सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए पुलिस ने दीनदयाल मुखर्जी चौक मेन रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी को रोका। पूछताछ में महिला ने अपना नाम रीना यादव उर्फ खुशबू पति धनेश यादव उम्र 26 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 09 भट्टी दफाई गेल्हापानी बताया। मुखबिर सूचना से अवगत कराकर जब स्कूटी हीरो प्लेजर क्रमांक CG 16 CA 6724 की तलाशी ली गई तो डिक्की के अंदर प्लास्टिक के पारदर्शी पाउच में भरी कुल 20 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से लगभग 4,000 रुपये मूल्य की महुआ शराब और शराब परिवहन में प्रयुक्त लगभग 10,000 रुपये कीमत की स्कूटी जप्त कर कुल 14,000 रुपये की संपत्ति जप्त की। मामले में आरोपी महिला के विरुद्ध थाना चिरमिरी में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।
सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विजय सिंह, सहायक उप निरीक्षक नयनसाय पैकरा, प्रधान आरक्षक अशोक एक्का, आरक्षक चन्द्रसेन राजपूत, मदन राजवाड़े और महिला आरक्षक राजेन्द्र कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


















