चिरमिरी थाना का हुआ वार्षिक निरीक्षण, एसपी रत्ना सिंह ने व्यवस्थाओं को परखा लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के दिये निर्देश

---Advertisement---

 

एमसीबी। जिले के चिरमिरी थाना का वार्षिक निरीक्षण पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (IPS) द्वारा किया गया। उनके थाना पहुंचने पर पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर विधिवत सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण प्रारंभ किया।

निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विजय सिंह सहित समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। एसपी ने सबसे पहले थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिये। इसके बाद उन्होंने थाना के विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं का गहन निरीक्षण किया जिसमें रिकॉर्ड रूम, मालखाना, शस्त्रागार और हवालात शामिल रहे।

पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों के संधारण और अद्यतन स्थिति की बारीकी से जांच की। उन्होंने सीसीटीएनएस प्रणाली के संचालन की समीक्षा करते हुए डेटा एंट्री को समय पर और सटीक रखने के निर्देश दिये ताकि अपराधियों का रिकॉर्ड बेहतर तरीके से ट्रैक किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान लंबित अपराधों और शिकायतों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि सभी लंबित प्रकरणों का त्वरित और निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित किया जाये ताकि आम जनता को शीघ्र न्याय मिल सके। उन्होंने गंभीर मामलों में विशेष सतर्कता बरतने और विवेचना की गुणवत्ता बनाये रखने पर भी जोर दिया।

इसके अलावा उन्होंने पुलिस स्टाफ से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और ड्यूटी के दौरान अनुशासन, समयबद्धता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के साथ संवेदनशील व्यवहार और उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही ही पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिये।

निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने थाना चिरमिरी की समग्र कार्यप्रणाली को संतोषजनक बताया साथ ही उन्होंने बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाये रखने के लिये आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए टीम के प्रयासों की सराहना की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment