जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत चचाई में लगाई गई चौपाल
अनूपपुर 29 मई 2025/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के निर्देशन में जिले में जल संरक्षण को पूर्ण प्राथमिकता देते हुए जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत विभिन्न गतिविधियाँ की जा रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद एवं मत्स्य विभाग के द्वारा चौपाल का आयोजन चचाई डैम के समीप स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में किया गया। जिसमें मत्स्य निरीक्षक श्रीमति वर्षा दुर्गा, पर्यटन प्रबंधक श्री अजय अग्रवाल, स्थानीय मत्स्य पालक और ग्रामीण जन उपस्थित थे।
इस अवसर पर मत्स्य निरीक्षक श्रीमति वर्षा दुर्गा ने मत्स्य विभाग की विशेष योजनाओं प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना एवं मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक मत्स्य पालकों को योजनाओं का लाभ लेने की बात कही। कार्यक्रम में पर्यटन प्रबंधक श्री अजय अग्रवाल ने मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के द्वारा जिले के पर्यटन विकास पर किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी।