मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का एमसीबी दौरा आज
127 करोड़ से अधिक के 141 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, जिले को मिलेगी बड़ी सौगात

एमसीबी (संवाददाता)। जिले के विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रस्तावित जिला प्रवास प्रशासन और आमजन के लिए विशेष महत्व का माना जा रहा है। मुख्यमंत्री लगभग 12704.63 लाख रुपये (लगभग 127 करोड़ रुपये) की लागत से पूर्ण एवं प्रस्तावित 141 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और पूरे जिले में उत्साह का माहौल है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर लगभग 2:00 बजे पोड़ी ग्राउंड स्थित हेलीपेड पर पहुंचेंगे, जहां से वे मालवीय नगर पोड़ी स्थित नगर निगम मंगल भवन में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वे विभिन्न विभागों के 82 पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण करेंगे, जिनकी लागत 3879.85 लाख रुपये है, वहीं 59 नवीन विकास कार्यों का शिलान्यास 8824.78 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से किया जाएगा।
इन विकास कार्यों में सड़क, पुल, भवन निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, विद्युत व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और नगरीय विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रकल्प शामिल हैं। इनसे जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और आधारभूत संरचना को नई मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री का औपचारिक स्वागत कर स्मृति चिन्ह भेंट किया जाएगा तथा मुख्यमंत्री मीडिया से संवाद कर विकास की आगामी योजनाओं की जानकारी भी साझा करेंगे।
मुख्य समारोह के उपरांत मुख्यमंत्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचेंगे, जहां उनका पारंपरिक रूप से अंगवस्त्र एवं तिलक के साथ स्वागत किया जाएगा। मंदिर परिसर में यज्ञशाला में हवन-पूजन, बाबा गुरु घासीदास की कुटिया में दर्शन तथा जगन्नाथ और शिव मंदिर में पूजा-अर्चना का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद मुख्यमंत्री आनंद बाजार में आम नागरिकों के साथ प्रसाद ग्रहण करेंगे और मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम लगभग 4:10 बजे हेलीकॉप्टर से अपने अगले गंतव्य के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले के लिए विकास की नई संभावनाओं का द्वार खोलने वाला माना जा रहा है और इससे क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।









