पूर्व विधायक गुलाब कमरो रहे मुख्य अतिथि
मनेन्द्रगढ़/सिरौली। ग्राम पंचायत सिरौली में नवयुवक मंडल खेल समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय भव्य कबड्डी प्रतियोगिता रोमांचक फाइनल मुकाबलों के साथ समापन हुआ। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक गुलाब कमरो उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का समापन उत्साह, रोमांच और खेल भावना के साथ हुआ जिसमें ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। आयोजन के दौरान कबड्डी के साथ-साथ ग्रामीण पारंपरिक खेलों की भी मनोहारी झलक देखने को मिली। घड़ा फोड़, रस्साकसी, कुर्सी दौड़, सूई-धागा, सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता तथा 100 और 200 मीटर दौड़ जैसे खेलों में ग्रामवासियों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान मैदान में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
पुरुष और महिला वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में आसपास के कई गांवों की टीमों ने हिस्सा लिया।
पुरुष वर्ग के फाइनल में चिरईपानी टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि भौता टीम उपविजेता रही। महिला वर्ग के फाइनल में लकरापारा टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। गोंडवाना फाइटर बेलकामार टीम द्वितीय तथा नौगोई टीम तृतीय स्थान पर रही।
विजेता और उपविजेता टीमों को मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उचित मंच और निरंतर प्रोत्साहन की है। खेल ना केवल गांवों की पहचान हैं बल्कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम भी हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिये बधाई दी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष शरण सिंह, पूर्व जनपद सदस्य रफीक मेमन, संभागीय जनजातीय अध्यक्ष परमेश्वर गुरुजी, आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमोल सिंह मरावी, सांसद प्रतिनिधि अमर सिंह, जनपद सदस्य श्रीमती पूजा कोल, सरपंच मदन सिंह, शफीउल्ला, फारूक भाई सहित अनेक गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी, खेल प्रेमी तथा छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय इस आयोजन ने सिरौली ग्राम पंचायत में खेलों के प्रति नई ऊर्जा, उत्साह और एकजुटता का संचार किया।









