एमसीबी/मनेन्द्रगढ़। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) द्वारा मनेन्द्रगढ़ शहर में नेचुरल गैस पाइपलाइन प्लांट का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह परियोजना छत्तीसगढ़ राज्य के लिये ऐतिहासिक मानी जा रही है क्योंकि यह राज्य का पहला नेचुरल गैस पाइपलाइन प्लांट है।
लगभग 1125 करोड़ रुपयों की लागत से तैयार की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के माध्यम से सरगुजा संभाग के पांच जिलों में पाइपलाइन के जरिए प्राकृतिक गैस की आपूर्ति की जायेगी। योजना के तहत क्षेत्र में 54 सब-स्टेशन स्थापित किये जायेंगे जिनसे घरों, प्रतिष्ठानों और व्यावसायिक इकाइयों तक सीधे पाइप के माध्यम से गैस पहुंचेगी।
उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन गैस व्यवस्था लागू होने से आम लोगों को गैस सिलेंडर की झंझट से राहत मिलेगी और उपभोक्ताओं को केवल उतनी ही गैस का भुगतान करना होगा जितनी वे उपयोग करेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने मनेन्द्रगढ़ को इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिये चुने जाने पर शहरवासियों, जिलेवासियों और विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह योजना शहरी विकास, सुविधा विस्तार और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देगी जिससे क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक प्रगति को नई गति मिलेगी।









