कोरिया। जिले के पटना थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के चलते एक युवक ने अपने ही नाबालिग दोस्त की टाटा सूमो वाहन से कुचलकर हत्या कर दी। यह घटना 4 जनवरी 2026 की है जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक रितेश कुमार सिंह अपने दोस्तों आरोपी विद्या चंद्र साहू उर्फ विनय साहू, प्रीतपाल विश्वकर्मा, सतीश विश्वकर्मा और अन्य के साथ आरोपी की टाटा सूमो गोल्ड वाहन से झुमका डेम पिकनिक मनाने गया था। पिकनिक के दौरान सभी ने चिकन मटन और शराब का सेवन किया। शाम को घर लौटते समय आरोपी वाहन को पटना स्थित अंग्रेजी शराब दुकान की ओर ले गया। इसी दौरान आरोपी के मोबाइल पर उसके पिता का फोन आया जिस पर मृतक रितेश ने यह कह दिया कि वे पटना पहुंच चुके हैं। इसी बात से आरोपी विद्या चंद्र साहू आवेश में आ गया और मृतक के साथ गाली-गलौज और विवाद करने लगा। उसने आरोप लगाया कि उसके पिता को शराब पीने की जानकारी क्यों दी गई।
विवाद से आहत होकर रितेश सिंह राष्ट्रीय राजमार्ग से पैदल अपने घर की ओर जाने लगा। जब वह रनई के पास पहुंचा तभी आरोपी ने अपने दोस्तों के मना करने के बावजूद हत्या की नीयत से टाटा सूमो वाहन को सड़क के बाएं तरफ दबाकर रितेश को जोरदार ठोकर मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद अन्य दोस्तों ने गंभीर रूप से घायल रितेश को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना के आधार पर थाना पटना में मर्ग क्रमांक 02/26 धारा 194 बीएनएस के तहत पंचनामा कार्यवाही की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुमार कुर्रे के निर्देश पर उप पुलिस अधीक्षक राजेश साहू द्वारा प्रत्येक बिंदु पर गहन जांच की गई। प्रत्यक्षदर्शी गवाहों, घटनास्थल निरीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृष्टया अपराध सिद्ध पाये जाने पर थाना पटना में 12 जनवरी 2026 को अपराध क्रमांक 15/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी विद्या चंद्र साहू उर्फ विनय साहू पिता हरिओम साहू उम्र 18 वर्ष 7 माह निवासी तेजपुर स्कूल पारा थाना रामानुजनगर जिला सूरजपुर को 17 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।










