झगराखाण्ड नगर पंचायत में विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप
नेता प्रतिपक्ष ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
एमसीबी। झगराखाण्ड नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों की अनदेखी और कथित भेदभाव को लेकर नगर पंचायत की नवनियुक्त नेता प्रतिपक्ष श्रीमती हेमलता कोमल कुमार ने सोमवार को अपने समर्थकों और कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ कलेक्टर से सौजन्य मुलाकात कर एक शिकायत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाये।
नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों में विकास कार्यों के लिये शासन से लगभग 3 करोड़ रुपये स्वीकृत होने हैं जिनका उपयोग सभी वार्डों में समान रूप से किया जाना चाहिये। इसके बावजूद नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 9, 5 एवं 6 जो कि एसटी, एससी और ओबीसी महिला आरक्षित वार्ड हैं वहां विकास कार्यों को जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) एवं उनके सहयोगी कर्मचारियों द्वारा इन वार्डों में विकास कार्यों को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है और भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है।
श्रीमती हेमलता कोमल कुमार ने कहा कि जिन वार्डों में बुनियादी सुविधाओं की सबसे ज्यादा जरूरत है वहीं काम ठप्प पड़े हुए हैं। नाली, सड़क, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं के अभाव में वार्डवासी परेशान हैं लेकिन नगर पंचायत प्रशासन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने शिकायत पर तत्काल संज्ञान लिया और मौके पर ही मुख्य नगरपालिका अधिकारी को फोन कर प्रभावित वार्डों में आवश्यक विकास कार्य शीघ्र प्रारंभ कर सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार्य नहीं होगा।
नेता प्रतिपक्ष श्रीमती हेमलता कोमल कुमार ने चेतावनी दी कि यदि आगे भी यही स्थिति बनी रहती है और आरक्षित वार्डों की उपेक्षा जारी रहती है तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर जोरदार आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर मंडलम अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव, रामगोपाल यादव, राजकुमार यादव, राधे मिश्रा, पूर्व पार्षद राकेश यादव, कोमल कांत, के.डी., शेषमणि कोल, संजय यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने एकजुट होकर विकास कार्यों में समानता की मांग की।










