होटलों में बिकी शराब तो होगी कड़ी कार्यवाही- दीपेश सैनी
होटल-ढाबों में अवैध शराब बिक्री पर पुलिस की सख्ती,संचालकों को दी गई स्पष्ट चेतावनी
एमसीबी/मनेन्द्रगढ़। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के निर्देश और पुलिस अधीक्षक मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर श्रीमती रत्ना सिंह के मार्गदर्शन में सोमवार को सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपेश सैनी ने शहर क्षेत्र के होटल और ढाबा संचालकों की एक आवश्यक बैठक आयोजित की।
बैठक में सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपेश सैनी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी होटल या ढाबा में अवैध रूप से शराब बेचना, संग्रहित करना अथवा ग्राहकों को बैठाकर शराब पिलाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां ना केवल आबकारी अधिनियम का उल्लंघन है बल्कि इससे शांति व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इसलिए पुलिस इस पर किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।
निरीक्षक दीपेश सैनी ने सभी संचालकों को कानून का पालन करने की शपथ दिलाई और कहा कि पुलिस समय समय पर होटल-ढाबों की जांच करेगी। यदि किसी भी संचालक के यहां नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जायेगी जिसमें जुर्माना, लाइसेंस निरस्तीकरण और आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाना शामिल है।
इसके साथ ही बैठक में होटल ढाबा संचालकों को निर्देश दिये गये कि वे अपने परिसरों में असामाजिक तत्वों को पनपने ना दें। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें और होटल लाज में ठहरने वाले व्यक्तियों का सही रिकॉर्ड रखें। निरीक्षक सैनी ने कहा कि पुलिस और नागरिकों के आपसी सहयोग से ही क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्द्र बनाए रखा जा सकता है।
बैठक के दौरान पुलिस टीम ने संचालकों से यातायात नियमों, नशा मुक्ति, शांति व्यवस्था और कानून-व्यवस्था के पालन में सक्रिय सहयोग की अपील की। उपस्थित संचालकों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और नियमों का पालन करने की प्रतिबद्धता जताई है।










