नाबालिग युवती से दुष्कर्म का आरोपी जीजा गिरफ्तार,सोनहत पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोचा
कोरिया। जिले के सोनहत थाना अंतर्गत अपनी पत्नी की मौत के बाद साली से लगातार दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को रिपोर्ट दर्ज होने के महज 24 घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा बार बार दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के कारण नाबालिग पीड़िता गर्भवती भी हो गई थी।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग पीड़िता थाना सोनहत आकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी की इसकी बहन की मृत्यु के बाद इसका जीजा बृजेश कुमार सारथी निवासी ग्राम घुघरा द्वारा पिछले 7-8 माह से लगातार इसके साथ जबरन गलत काम कर रहा है जिससे यह गर्भवती हो गई है।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना सोनहत में अपराध क्रमांक 104/2025 धारा 64(2)(एम) बी.एन.एस एवम 4, 6 पाक्सो एक्ट कायम किया गया। प्रकरण गंभीर प्रकृति का होने के कारण पुलिस अधीक्षक जिला कोरिया रवि कुमार कुर्रे (भा.पु.से.) ने आरोपी की अतिशीघ्र गिरफ्तारी करने के लिये निर्देशित किया।
वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त निर्देशों के पालन में प्रकरण के आरोपी बृजेश कुमार सारथी पिता श्रवण सारथी उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम घुघरा को 24 घंटे के भीतर थाना सोनहत पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया और वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया है।
संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी सोनहत निरीक्षक हेमंत अग्रवाल, प्रधान आरक्षक राजीव महेश, महिला प्रधान आरक्षक लूना सिंह, आरक्षक विमल जायसवाल एवं महिला आरक्षक अन्ना टोप्पो का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

















