ग्रामीण इलाकों में गहन पुनरीक्षण अभियान रफ्तार पर
बीएलओ घर-घर पहुंचकर जुटा रहे आंकड़े
एमसीबी। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता सूची के अद्यतन कार्य को तेजी मिली है। बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) घर-घर पहुंचकर गणना पत्रक एकत्रित करने और मतदाता विवरण सत्यापित करने में जुटे हुए हैं।
केल्हारी तहसील के ग्राम पंचायत बुलाकी टोला में बीएलओ दिनेश कुमार तिवारी ने क्षेत्र में भ्रमण करते हुए ग्रामीण रामलाली तथा सीमा के गणना पत्रक संग्रहित किये वहीं ग्राम पंचायत रोकड़ा में बीएलओ बिंदु गोंड ने भी घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों से फॉर्म और आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किया। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार बीएलओ लगातार अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर मतदाता सूची को सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने का कार्य कर रहे हैं। सत्यापन के दौरान मतदाताओं की जानकारी का मिलान, नये नामों के पंजीकरण, त्रुटि सुधार के साथ-साथ फॉर्म- 6, 7 और 8 से संबंधित जानकारी देकर ग्रामीणों को आवेदन प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
गांवों में जारी यह व्यापक अभियान आगामी चुनावों के लिये मतदाता सूची को अधिक व्यवस्थित और विश्वसनीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है जिससे सभी पात्र नागरिकों का नाम समय पर सूची में सम्मिलित किया जा सके।


















