धीरेन्द्र सिंह ‘मिंटू’ बने मंडल अध्यक्ष — भव्य स्वागत से गूंजा पसान
जमुना–कोतमा
भारतीय जनता पार्टी के पसान नगर मंडल को नया नेतृत्व मिल गया है। युवा, जुझारू एवं कर्मठ नेता धीरेन्द्र सिंह ‘मिंटू’ को सर्वसम्मति से पसान मंडल अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया। उनकी नियुक्ति को संगठन को मजबूत करने और युवाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पसान नगर में भव्य और जोरदार स्वागत किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमुना कोऑपरेटिव एवं भालू माड़ा मजदूर चौक एटीएम के पास माल्यार्पण, नारेबाजी और शुभकामनाओं के साथ उनका अभिनंदन किया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान पूरा क्षेत्र भाजपा समर्थकों से गुलजार नजर आया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह ने कहा कि धीरेन्द्र सिंह ‘मिंटू’ की नियुक्ति से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और भाजपा की नीतियां जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुंचेंगी।
नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह ‘मिंटू’ ने शीर्ष नेतृत्व एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सौंपी गई जिम्मेदारी को वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर संगठन को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया।


















