आईएएस संतोष वर्मा के विवादित बयान पर प्रदेश में उबाल
भाजपा नेता राकेश गुप्ता का कड़ा आक्रोश — FIR दर्ज करने की मांग तेज
अनूपपुर। अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिकारी-कर्मचारी संघ (अजाक्स) के नए प्रांताध्यक्ष IAS संतोष वर्मा द्वारा बेटियों और जाति को लेकर दिए गए विवादास्पद बयान के बाद प्रदेशभर में राजनीतिक और सामाजिक तनाव बढ़ गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और जिला सह–संगठन प्रमुख राकेश गुप्ता ने इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि—
“देश की किसी भी समुदाय, जाति की बेटी हमारी बेटी है। इस तरह की टिप्पणी किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जा सकती
राकेश गुप्ता ने कहा कि समाज में सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है, लेकिन जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा ऐसा बयान देना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि IAS अधिकारी को ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए जो समाज को बांटने या किसी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुँचाए।
गुप्ता ने मांग की कि संतोष वर्मा के बयान की कानूनी जांच कर तत्काल FIR दर्ज की जाए, जिससे भविष्य में कोई भी अधिकारी या जनप्रतिनिधि इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी करने से बचे
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में बेटियों को सम्मान और समान अधिकार दिए जाते हैं, ऐसे में किसी भी वर्ग की बेटी पर टिप्पणी करना न केवल सामाजिक रूप से अस्वीकार्य है बल्कि यह समाज की सामूहिक भावना को आहत करने वाला कृत्य है। भाजपा नेता ने कहा कि वे इस बयान की घोर निंदा करते हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की अपेक्षा करते हैं
राकेश गुप्ता ने कहा कि इस तरह के बयान समाज को विभाजित करते हैं और आपसी भाईचारे को कमजोर करते हैं उन्होंने जनता से अपील की कि समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखें तथा प्रशासन से भी आग्रह किया कि ऐसे मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए


















