छोटे शहर से उठी बड़ी पहचान — पूजा सोनी बनीं छत्तीसगढ़ की नई शान!
अयोध्या बी एल सिंह
अनूपपुर ।मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के छोटे से शहर बिजुरी से ताल्लुक रखने वाली पूजा सोनी आज पूरे प्रदेश में ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपने हुनर और आत्मविश्वास की पहचान बना चुकी हैं। शादी और दो बच्चों के बाद भी उन्होंने यह साबित कर दिया कि अगर हौसला बुलंद हो तो कोई भी सपना अधूरा नहीं रहता।
साल 2025 में पूजा का सफर एक नए मुकाम पर पहुँचा, जब उन्होंने अप्रैल महीने में अपने पहले शो में हिस्सा लेकर “मिसेज जी.पी.एम 2025 का ताज अपने नाम किया। इसके बाद मई में उन्होंने नागपुर रनवे शो में हिस्सा लिया और जून में आयोजित दुर्ग फैशन फेस्टिवल में शानदार प्रदर्शन करते हुए “मिसेज प्राइड ऑफ छत्तीसगढ़ 2025 का खिताब जीता।
इतना ही नहीं, जब कांस रेड कार्पेट का ऐतिहासिक कार्यक्रम पहली बार छत्तीसगढ़ के दुर्ग में आयोजित हुआ, तो पूजा सोनी ने वहां भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और प्रदेश का मान बढ़ाया। हाल ही में रायपुर में हुए राज्य स्तरीय शो में उन्होंने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए “मिसेज डिवा आइकन ऑफ छत्तीसगढ़ 2026 का खिताब हासिल किया।
पूजा कहती हैं
“मेरा सफर आसान नहीं था, लेकिन अनुशासन, मेहनत और सब्र ने मुझे यह मुकाम दिया। मेरे पति और परिवार ने हमेशा मेरा साथ दिया, मुझ पर भरोसा किया और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।”
आज पूजा सोनी न सिर्फ अपने जिले अनूपपुर और नगर बिजुरी का नाम रोशन कर रही हैं, बल्कि उनका लक्ष्य है कि आने वाले समय में वे अपने जिले का नाम संपूर्ण विश्व में ऊँचाइयों तक पहुँचाएं। उनकी यह कहानी हर उस महिला के लिए प्रेरणा है जो अपने सपनों को घर-परिवार की ज़िम्मेदारियों के बीच कहीं खो जाने नहीं देना चाहती।

















