अनूपपुर।
कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने अमरकंटक रोड स्थित प्रोक्टर एंड गैम्बल कंपनी (P&G) के गोदाम में हुई बड़ी नकबजनी का खुलासा करते हुए कंपनी के डिस्ट्रीब्यूशन सेल्स एग्जीक्यूटिव समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 6 लाख रुपये कीमती चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टच स्टोन सर्विसेस प्रायवेट लिमिटेड, अनूपपुर के ब्रांच इंचार्ज रामनारायण गुप्ता द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 8–9 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात अज्ञात आरोपियों ने गोदाम के पीछे की दीवार तोड़कर और दरवाजे का कुंदा उखाड़कर सेविंग ब्लेड, शैम्पू, विक्स, वाशिंग पाउडर व लिक्विड, पेम्पर्स, विस्पर पैड, टूथब्रश सहित विभिन्न उत्पादों से भरे कार्टून चोरी कर लिए।
मामले की विवेचना के दौरान टीआई कोतवाली अरविन्द जैन के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर चार आरोपियों—अंजनी कुमार दुबे, अंकित द्विवेदी, शिवांशु अवधिया और मानस सिंह—को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि इस चोरी का मास्टरमाइंड अंजनी कुमार दुबे था, जो बीते दो वर्षों से कंपनी में डिस्ट्रीब्यूशन सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी का माल रामजानकी मंदिर के पास किराये की दुकान में छिपा रखा था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया पूरा माल जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
इस सफल कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने टीआई अरविन्द जैन एवं उनकी टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है।


















