चचाई पुलिस ने 60 लीटर अवैध शराब मामले में फरार गद्दीदार को किया गिरफ्तार
अनूपपुर
थाना चचाई पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 34(2) आबकारी एक्ट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। यह कार्रवाई अवैध शराब परिवहन और बिक्री के एक संगठित नेटवर्क के खुलासे के रूप में सामने आई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 01 अक्टूबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अमलाई की ओर से अनूपपुर की तरफ एक मोटरसाइकिल में अवैध शराब परिवहन कर बिक्री के लिए ले जाई जा रही है। सूचना की तस्दीक हेतु थाना चचाई पुलिस द्वारा टीम गठित कर बाबा कुटी के पास, चचाई मेन रोड पर घेराबंदी की गई। इस दौरान मोटरसाइकिल होंडा शाइन क्रमांक CG-10-Y-6802 को रोका गया।
वाहन चालक ने अपना नाम अनिल राठौर, पिता देवलाल राठौर (उम्र 30 वर्ष), निवासी सिवनी, थाना जैतहरी बताया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल से विभिन्न थैलों और बोरी में रखी कुल 60 लीटर अंग्रेजी शराब एवं बीयर, जिसकी कुल कीमत ₹37,460 है, बरामद की गई। इसके साथ ही मोटरसाइकिल (कीमत ₹65,000) एवं एक मोबाइल फोन (कीमत ₹15,000) भी जब्त किया गया। कुल जब्ती की कीमत ₹1,17,460 आंकी गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह शराब धनपुरी नंबर-1 कंपोजिट शराब दुकान के गद्दीदार द्वारा कमीशन पर बिक्री के लिए दी गई थी। इस पर थाना चचाई में अपराध क्रमांक 261/25, धारा 34(2), 39(ए), 42 आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी अनिल राठौर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
प्रकरण में फरार चल रहे शराब दुकान के गद्दीदार को दिनांक 14 दिसंबर 2025 को पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी सत्येंद्रकांत तिवारी, पिता लक्ष्मीकांत तिवारी (उम्र 35 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 01, धनपुरी है, जो धनपुरी नंबर-1 कंपोजिट शराब दुकान का गद्दीदार/मैनेजर है। पूछताछ में उसने 01 अक्टूबर 2025 को कमीशन पर अवैध शराब देने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चचाई — निरीक्षक सुदेश सिंह, उप निरीक्षक राघव बागरी, प्रधान आरक्षक विकास एवं आरक्षक विवेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
चचाई पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।


















