सिंघाली यूजी खदान में पेस्ट फिलिंग टेक्नोलॉजी परियोजना का भूमि पूजन संपन्न
कोल इंडिया का पहला पेस्ट फिलिंग प्रोजेक्ट एसईसीएल कोरबा क्षेत्र में शुरू
कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के कोरबा क्षेत्र के डीएसबी उपक्षेत्र अंतर्गत सिंघाली भूमिगत खदान में पेस्ट फिलिंग टेक्नोलॉजी परियोजना का भूमि पूजन समारोह 11 नवंबर 2025 को विधिवत सम्पन्न हुआ। यह परियोजना एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन के मार्गदर्शन में कोल इंडिया की पहली पेस्ट फिल परियोजना के रूप में शुरू की जा रही है, जिसे कोयला खनन क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि माना जा रहा है।
कार्यक्रम में निदेशक (तकनीकी) योजना एवं परियोजना, रमेश चन्द्र महापात्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक (टीएमसी) अतुल द्विवेदी, महाप्रबंधक (उत्पादन) एसईसीएल अजय तिवारी तथा कोरबा क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक राजेश कुमार गुप्ता मंचासीन रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र, उपक्षेत्र एवं इकाई के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारी प्रतिनिधियों तथा JCC DSB उपक्षेत्र के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।
भूमि पूजन के बाद अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित खनन के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
पेस्ट फिलिंग टेक्नोलॉजी क्या है?
पेस्ट फिलिंग तकनीक के अंतर्गत खदानों से निकले अपशिष्ट पदार्थों (फ्लाई ऐश, टेलिंग्स आदि) को पानी और बाइंडर के साथ मिलाकर पेस्ट का रूप दिया जाता है तथा भूमिगत खाली स्थानों में भरा जाता है। यह तकनीक भूमिगत खदानों की सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ाती है, सतह पर अपशिष्ट निपटान की समस्या को कम करती है तथा पर्यावरण संरक्षण और सतत खनन (सस्टेनेबल माइनिंग) को प्रोत्साहित करती है।
सिंघाली खदान में इस तकनीक के उपयोग से एसईसीएल ने हरित, सुरक्षित और उत्तरदायी खनन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है


















