अनूपपुर (मध्यप्रदेश)।
भारतीय लोकमत राष्ट्रवादी पार्टी के संगठन विस्तार अभियान के तहत पार्टी के युवा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव हीरावती महरा इन दिनों अनूपपुर जिले के दौरे पर हैं। इस दौरान वे घर-घर जाकर आम नागरिकों को पार्टी का उद्देश्य-पत्र पढ़कर सुना रही हैं तथा उसकी प्रतियां भी वितरित कर रही हैं।
सदस्यता अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोग पार्टी के उद्देश्य-पत्र से प्रभावित होकर सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। कई नागरिकों ने स्वेच्छा से सदस्यता शुल्क जमा किया, वहीं कुछ समर्थकों ने अपनी क्षमता के अनुसार पार्टी को सहयोग राशि भी प्रदान की। अभियान को महिलाओं और युवाओं का विशेष समर्थन मिल रहा है।
इस अवसर पर पत्रकारों द्वारा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज कुमार शर्मा से बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि पार्टी का उद्देश्य-पत्र आत्मनिर्भर भारत के निर्माण पर केंद्रित है, जिसमें प्रत्येक नागरिक को बुनियादी सुविधाएं, न्याय और समान अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प शामिल है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति या उसके परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है, तो पार्टी उसके लिए न्याय सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी।
पार्टी अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय लोकमत राष्ट्रवादी पार्टी केवल घोषणाओं में नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्य करने में विश्वास रखती है और देशभर में संगठन को मजबूत करते हुए विकसित राष्ट्र के सपने को साकार करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
अनूपपुर जिले में चल रहा यह सदस्यता अभियान स्थानीय स्तर पर राजनीतिक जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पार्टी के विस्तार को भी नई गति दे रहा है।


















