भालूमाडा पीएम श्री हाई स्कूल में प्रवेशोत्सव सम्पन्न, मेधावी छात्र सम्मानित, नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकों का वितरण
जमुना कोतमा
पीएम श्री हाई स्कूल भालूमाडा में नए शिक्षा सत्र 2026-27 के अवसर पर प्रवेशोत्सव कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रामअवध सिंह, मंडल अध्यक्ष अजय द्विवेदी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी शशांक आर्मो तथा वरिष्ठ पत्रकार सुरेश शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में नगर के पार्षदगण, विद्यार्थियों के अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से की गई। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने पिछले सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें पुरस्कार प्रदान किए। साथ ही विद्यार्थियों को शासन की योजना के अंतर्गत नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकों का वितरण किया गया तथा सभी बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष रामअवध सिंह ने विद्यालय को विद्यार्थियों की सुविधा के लिए वाटर कूलर प्रदान किया। साथ ही विद्यालय परिसर में फर्श निर्माण एवं बैडमिंटन कोर्ट बनाने के लिए भी आश्वस्त किया, जिससे छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य सतीष प्रताप सिंह ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग रहा। खुशनुमा वातावरण में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम संपन्न हुआ।









