एमसीबी। जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित महिला सशक्तीकरण केंद्र (हब) के माध्यम से “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना” के अंतर्गत राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर 01 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से जिले के विभिन्न विद्यालयों में संचालित किया जा रहा है जिसका मुख्य उद्देश्य बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, समानता, अधिकारों की जानकारी एवं सामाजिक संवेदनशीलता को बढ़ावा देना है। यह कार्यक्रम जिला कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के आदेशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बेलबहरा जिला एमसीबी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें बालिकाओं और विद्यार्थियों को लैंगिक समानता, आत्मसम्मान, सुरक्षित वातावरण तथा सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर, मिशन शक्ति, महिला एवं बाल संवेदनशीलता, साइबर सुरक्षा से बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इसके साथ ही आपातकालीन सहायता से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर 181 एवं 1098 की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी गई ताकि किसी भी संकट की स्थिति में बालिकाएं एवं महिलाएं तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में सुकन्या समृद्धि योजना के माध्यम से बालिकाओं के भविष्य को सुरक्षित करने, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005 के तहत महिलाओं को प्राप्त कानूनी अधिकारों, दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006, पॉक्सो अधिनियम 2012 के प्रावधानों तथा श्रम कार्ड के माध्यम से महिलाओं को मिलने वाले लाभों की भी जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त अन्य विभागीय योजनाओं के बारे में भी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के उद्देश्य से सभी उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर मिशन शक्ति एवं सखी वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से सक्रिय सहभागिता निभाते हुए कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।


















