गोविंदा कालरी में जुआ अड्डे पर भालू का धावा, जुआरी जान बचाकर भागे
कोतमा। कोतमा नगर पालिका क्षेत्रांतर्गत वार्ड क्रमांक 12 स्थित गोविंदा कालरी के पास जंगल से लगे नर्सरी क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अवैध रूप से जुआ खेल रहे अड्डे पर अचानक एक भालू आ गया। बताया जाता है कि नर्सरी परिसर में कुछ शातिर जुआरी छिपकर जुआ फड़ चला रहे थे। इसी दौरान दूर से भालू को आते देख जुआरी भयभीत हो गए और दरी, ताश व अन्य सामग्री वहीं छोड़कर कॉलोनी की ओर भाग निकले।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले एक माह से भालू की गतिविधियां गोविंदा, कॉलेज तिराहा, कदमटोला, जमुना एवं भालूमाड़ा क्षेत्र में लगातार देखी जा रही हैं। इसके बावजूद भालू का रेस्क्यू नहीं होने से नागरिकों में भय व्याप्त है। लोगों ने कई बार वन विभाग से भालू को सुरक्षित जंगल क्षेत्र में ले जाने की मांग भी की है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
मामले पर परिक्षेत्र अधिकारी हरीश जी ने बताया कि भालू की गतिविधियों पर नजर रखने वनकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है साथ ही अपील की गई है कि ग्रामीण रात्रि के समय जंगल की ओर ना जाएं और यदि कहीं भी भालू दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भालू के जुआ अड्डे तक पहुंचने की चर्चा जोर पकड़ चुकी है


















