एमसीबी/चिरमिरी। यूथ क्लब चिरमिरी के तत्वावधान में आगामी 04 जनवरी (रविवार) को चिरमिरी के हल्दीबाड़ी क्षेत्र में भव्य बहरूपिया प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। प्रतियोगिता को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
यूथ क्लब चिरमिरी द्वारा एकल और समूह वर्ग में आयोजित इस प्रतियोगिता में सैकड़ों प्रतिभागी अपनी कला, अभिनय और संदेशात्मक प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को रोमांचित करेंगे। प्रतियोगिता में एकल और समूह दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ और पंचम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ढेरों आकर्षक पुरस्कारों से पुरस्कृत किया जायेगा वहीं शेष सभी प्रतिभागियों को विशेष सांत्वना पुरस्कार प्रदान किये जाएंगे।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए यूथ क्लब चिरमिरी के सदस्यों ने बताया कि बहरूपिया प्रतियोगिता सुबह 10 बजे से प्रारंभ होकर शाम 4 बजे तक चलेगी। इस दौरान प्रतिभागी विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और जनजागरूकता से जुड़े विषयों पर आधारित वेशभूषा और अभिनय का प्रदर्शन करेंगे। निर्णायक मंडल द्वारा प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया जायेगा। प्रतियोगिता के समापन के बाद मंच से आमंत्रित अतिथियों द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किये जाएंगे।
यूथ क्लब चिरमिरी द्वारा यह आयोजन कई वर्षों से निरंतर किया जा रहा है जिसे चिरमिरी के गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों का भरपूर सहयोग मिलता रहा है। इस प्रतियोगिता की लोकप्रियता इतनी बढ़ चुकी है कि अब यह बहरूपिया महोत्सव के नाम से पूरे छत्तीसगढ़ में पहचान बना चुकी है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए एमसीबी, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, धमतरी सहित पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश से भी प्रतिभागियों के पहुंचने की जानकारी है। आयोजन समिति और यूथ क्लब चिरमिरी ने क्षेत्र के सम्माननीय नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवारजनों और इष्ट मित्रों के साथ कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाएं तथा प्रतिभागियों और आयोजन समिति का उत्साहवर्धन करें।


















