अनूपपुर जबलपुर इंदौर भोपाल मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी बैकुंठपुर रायपुर

विश्व एड्स दिवस पर डीडब्ल्यूपीएस में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन छात्रों ने प्रतियोगिताओं के माध्यम से सीखी महत्वपूर्ण जानकारियाँ

WhatsApp Group Join Now

विश्व एड्स दिवस पर डीडब्ल्यूपीएस में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

छात्रों ने प्रतियोगिताओं के माध्यम से सीखी महत्वपूर्ण जानकारियाँ

 

एमसीबी/मनेन्द्रगढ़। सीबीएसई से मान्यता प्राप्त प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेन्द्रगढ़ में विश्व एड्स दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सहयोग से आयोजित हुआ जिसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति सही जानकारी और जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम की शुरुआत विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।

जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत कई प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं जिनमें विद्यार्थियों ने एड्स के कारण, इसके संक्रमण के तरीके, रोकथाम और सामाजिक दृष्टिकोण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी समझ प्रस्तुत की। कविता वाचन का आकर्षक प्रदर्शन सेंट पैट्रिक्स अकादमी की छात्रा मेहर जैन और डीडब्ल्यूपीएस के छात्र व्योम मिश्रा ने किया। इसके अलावा चित्रकला, कविता लेखन और तात्कालिक भाषण प्रतियोगिताओं में भी छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने एड्स से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए सही जानकारी अर्जित की।

प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी ज्ञान को समृद्ध करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा की आप युवा शक्ति हैं। आपके छोटे प्रयास भी समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं। आइए हम सभी मिलकर एचआईवी/एड्स के खिलाफ जागरूकता की इस मुहिम को आगे बढ़ाएँ। उन्होंने सभी अतिथियों और आयोजन टीम को इस सामाजिक अभियान में सक्रिय योगदान के लिए धन्यवाद भी दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला स्वास्थ्य नोडल अधिकारी डॉ. वाशिक असदक ने छात्रों को विश्व एड्स दिवस की थीम सही रास्ता अपनाएँ: मेरा स्वास्थ्य, मेरा अधिकार से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि यह दिवस स्वास्थ्य समानता और कलंक रहित समाज की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। डॉ. नम्रता चक्रवर्ती ने अपने संबोधन में बच्चों को बताया कि एचआईवी/एड्स छूने, हाथ मिलाने, साथ बैठने, खाना साझा करने या कक्षा में पढ़ने से नहीं फैलता। उन्होंने कहा की एचआईवी संक्रमित व्यक्ति से भेदभाव करना गलत ही नहीं, बल्कि अमानवीय भी है। उन्होंने संक्रमण के वास्तविक कारण, रोकथाम और सतर्कता के उपायों के बारे में सरल और स्पष्ट जानकारी दी।

इस अवसर पर डॉ. वाशिक असदक, डॉ. नम्रता चक्रवर्ती, डॉ. सुधांशु पटेल और डॉ. स्वप्निल तिवारी निर्णायक मंडल के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन तथा धन्यवाद प्रस्ताव सुश्री दिशानी चटर्जी और सुश्री नीरू सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया।

खबरों को शेयर कीजिए। धन्यवाद

Leave a Comment