अनूपपुर जबलपुर इंदौर भोपाल मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी बैकुंठपुर रायपुर

जोन स्तर पर बेलबहरा के छात्रों ने मचाया धमाल विज्ञान नाटिका और पश्चिम भारत विज्ञान मेला में हासिल किया प्रथम स्थान

WhatsApp Group Join Now

जोन स्तर पर बेलबहरा के छात्रों ने मचाया धमाल

विज्ञान नाटिका और पश्चिम भारत विज्ञान मेला में हासिल किया प्रथम स्थान

 

एमसीबी/बेलबहरा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलबहरा के छात्रों ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार में किसी से कम नहीं हैं। रजत जयंती महोत्सव 2025 के अंतर्गत आयोजित संभाग स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी और पश्चिम भारत विज्ञान मेला में विद्यालय के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जोन स्तर पर कई पुरस्कार अपने नाम किये।

इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और नवाचार को प्रोत्साहित करना था। अनेक विद्यालयों की सहभागिता के बीच बेलबहरा के छात्रों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुति और वैज्ञानिक सोच से निर्णायकों का दिल जीत लिया।

 

विज्ञान नाटिका में प्रथम स्थान अदाकारी और संदेश दोनों में बाज़ी मारी

विद्यालय की टीम ने विज्ञान नाटिका प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्रों ने अपनी प्रस्तुति में विज्ञान के दैनिक जीवन में महत्व, पर्यावरण संरक्षण और तकनीकी नवाचार को रोचक शैली में प्रस्तुत किया। दर्शकों और निर्णायकों ने इस नाटिका की सराहना करते हुए इसे सर्वश्रेष्ठ घोषित किया।

 

विभिन्न विषयों में छात्रों का शानदार प्रदर्शन

इस प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्रों ने विभिन्न विषयों में भी उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। उभरती हुई प्रौद्योगिकी विषय पर ललित कुमार राजवाड़े ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जल संरक्षण और प्रबंधन विषय पर कक्षा 11वीं के रचित रजक ने तृतीय स्थान हासिल किया। अपशिष्ट प्रबंधन और प्लास्टिक के विकल्प विषय पर कक्षा 10वीं की सृष्टि रवि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया वहीं प्रश्न मंच प्रतियोगिता में विद्यालय की व्याख्याता सुनीता मिश्रा ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर शिक्षकों की श्रेणी में विद्यालय को गौरवान्वित किया।

 

शिक्षकों का मार्गदर्शन और संस्था प्रमुख का प्रोत्साहन

विद्यालय की व्याख्याता सुनीता मिश्रा और निर्मला अग्रवाल के मार्गदर्शन में छात्रों ने यह सफलता अर्जित की। दोनों शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को मॉडल निर्माण, नाटिका प्रस्तुति और वैज्ञानिक तर्क-विचार में सहयोग दिया।

संस्था प्रमुख बलराज पाल ने सभी विजेता छात्रों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। हमारे विद्यार्थी अब राज्य स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।

 

ग्रामीण विद्यालय के लिए प्रेरणा बनी उपलब्धि

 

ग्रामीण अंचल में स्थित इस विद्यालय की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा अवसरों की मोहताज नहीं होती। बेलबहरा विद्यालय के इन उदीयमान वैज्ञानिकों की उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

खबरों को शेयर कीजिए। धन्यवाद

Leave a Comment